इंदौर। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की सरकारी खरीदी जारी है। आठ अप्रैल तक इंदौर संभाग के आठ जिलों में कुल एक लाख 75 हजार 784 टन से अधिक गेहूं की खरीदी हो चुकी है। यह खरीदी संभाग के 23 हजार 553 किसानों से की गई है। इंदौर जिला गेहूं खरीदी में अब भी आगे है। अब तक यहां 58 हजार टन से अधिक खरीदी हो चुकी है। इसके बाद धार जिले का नंबर आता है। धार में भी 50 हजार टन से अधिक की खरीदी हो चुकी है। संभाग के आठ जिलों में कुल 446 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 445 पर खरीदी शुरू हो चुकी है। सिर्फ इंदौर जिले के एक केंद्र पर खरीदी अभी शुरू नहीं हो पाई है। गेहूं खरीदी के साथ इसका परिवहन करके गोदामों तक भी भिजवाया जा रहा है। अब तक खरीदे गए गेहूं का 75 फीसद परिवहन हो चुका है। सर्वाधिक 90 फीसद परिवहन बड़वानी जिले में हुआ है। इसके बाद खरगोन जिले में 89 फीसद परिवहन किया जा चुका है। धार जिले में सबसे ज्यादा 109 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं और सबसे कम छह केंद्र बुरहानपुर जिले में हैं। आठ जिलों में अब तक 63 हजार 113 किसानों को गेहूं बेचने के लिए खरीदी केंद्रों पर बुलाने के संदेश किए जा चुके हैं लेकिन अब तक आधे किसान भी गेहूं लेकर अपने तय केंद्र पर नहीं पहुंचे हैं। इससे लगता है कि किसान इस बार सरकारी केंद्रों से दूरी बनाए हुए हैं। शुक्रवार की खरीदी के बाद शनिवार और रविवार को खरीदी का अवकाश रहेगा। गेहू का परिवहन जारी रहेगा।
इंदौर में गेहूं खरीदी शुरू