कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितिन प्रसाद भाजपा में शामिल


नई दिल्ली। कांग्रेस आलाकमान से लंबे समय से नाराज चल रहे जितिन प्रसाद ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। जितिन प्रसाद के पार्टी में शामिल होने के बाद सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर बधाई दी। योगी ने ट्वीट किया 'जितिन प्रसाद के आने से उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूती मिलेगी'। वहीं कांग्रेस से भाजपा में आए राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, जितिन प्रसाद हमारे भाई और मित्र हैं। भाजपा में उनका स्वागत है।
वहीं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस के लिए बड़ा झटका करार दिया है। बिश्नोई ने कहा कि उनकी पार्टी को राज्यों में जीत हासिल करने के लिए जन नेताओं की पहचान कर उन्हें मजबूती प्रदान करनी चाहिए।  बिश्नोई ने ट्वीट किया, ‘‘पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ... और अब जितिन प्रसाद ...। कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका है, क्योंकि हम उन नेताओं को खो रहे हैं जिन्होंने पार्टी को दिया और आगे भी दे सकते थे।’’
जाने वाले जाते रहते हैं: खड़गे
उधर, कांग्रेस सासंद मल्लिकार्जुन खड़ने ने जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा, 'जाने वाले जाते रहे हैं, हम उन्हें रोक नहीं सकते। यह उनका फैसला था। उनका यहां (कांग्रेस में) भी भविष्य था। हालांकि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।' इसके साथ ही पंजाब कांग्रेस में मतभेदों के समाधान के लिए गठित किए गए कांग्रेस के पैनल को लेकर खड़गे ने कहा कि हम तीन-चार दिन में अपनी रिपोर्ट जमा कर देंगे।

कांग्रेस में ऐसे नेता हैं जो सही इस्तेमाल किए जाने पर नतीजे दे सकते हैं: देवरा
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवरा ने जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि कांग्रेस को अपनी पुरानी स्थिति पाने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मेरा मानना है कि कांग्रेस एक पार्टी के तौर पर यह कर सकती है और करना ही चाहिए कि वह एक विशाल पार्टी वाली अपनी पुरानी स्थिति फिर से हासिल करे। हमारे पास अब भी ऐसे नेता हैं जिन्हें अगर सशक्त किया जाए और बेहतरीन ढंग से इस्तेमाल किया जाए तो वे नतीजे दे सकते हैं।’

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो
 यहां क्लिक करें

विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।