150 साल पुरानी जेल की दीवारें गिरी, 22 कैदी गंभीर रूप से घायल
भिंड
 मध्य प्रदेश के भिंड जेल में एक बड़ा हादसा हो गया है यहां करीब 150 साल पुरानी जेल की दीवारें ढह गई हैं। हादसे में 22 कैदी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे में बैरक नंबर 7 पूरी तरह से नष्ट हो गया है। हादसे के वक्त बैरक में 64 कैदी मौजूद थे।
हादसे के वक्त जेल में कुल 255 कैदी थे। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के कारणों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं, दो बंदियों को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। मामले में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही सामने आई है।
कैदियों को दूसरे बैरक में किया शिफ्ट
अधिकारियों ने बताया कि हादसा सुबह 5:10 बजे हुआ। एक सिपाही ने देखा कि बैरक नंबर 7 का प्लास्टर गिर रहा है। आरक्षक ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और बाकी जवानों को भी इकट्ठा कर लिया। जवानों ने जैसे ही बैरक खोलने की कोशिश की, पूरा बैरक नीचे गिर गया। इसके बाद बैरक नंबर 2 की दीवारें भी गिर गईं। हादसे में करीब 22 कैदी दीवारों के नीचे दब गए। इसके बाद जवानों ने बाकी बंदियों को बैरक नंबर 8 में शिफ्ट कर दिया।

कई दिनों से टपक रहा था पानी
घटना के बाद जेलर ने बताया कि जेल में कुछ दिनों से पानी टपक रहा था। चार दिन पहले पीडब्ल्यूडी विभाग को जेल की मरम्मत के लिए पत्र भी लिखा गया था। लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जेलर ने आगे कहा कि जेल की पहले भी मरम्मत की जा चुकी है। दूसरी ओर, जेलर ने किसी के हताहत होने से इनकार किया है। सूत्रों के मुताबिक इस जेल की जगह नई जेल का भी प्रस्ताव रखा गया था। नई जेल 2008 से बन रही है, इसे 2018 तक बनकर तैयार होना था, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ है।

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो 
यहां क्लिक करें

विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।