बड़ा हादसा: नाव डूबने से 52 लोगों की मौत की आशंका
          स्पेन में डूबी नाव- प्रतीकात्मक तस्वीर        

अटलांटिक महासागर में डूबती नाव से बचाई गई एकमात्र महिला ने बचाव दल को बताया कि एक सप्ताह पहले अफ्रीका से रवाना हुई नाव पर 53 प्रवासी सवार थे। स्पेन की मैरीटाइम रेस्क्यू सर्विस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि गुरुवार को एक बड़े जहाज ने स्पेन के कैनरी द्वीप समूह से लगभग 255 किलोमीटर दक्षिण में एक छोटी नाव देखी और स्पेनिश आपातकालीन सेवा को सतर्क कर दिया।
बचाव सेवा के अधिकारी ने बताया कि महिला एक छोटी नाव से चिपकी हुई थी जो डूब रही थी और उसके पास एक मृत पुरुष और एक मृत महिला थी। महिला ने बचावकर्मियों को बताया कि नाव आइवरी कोस्ट से यात्रियों को लेकर पश्चिम सहारा तट से निकली थी। अधिकारी ने विभाग के नियमानुसार अपनी पहचान जाहिर न करने की शर्त पर कहा कि उन्हें महिला के स्वास्थ्य और उम्र के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

आए दिन होते हैं ऐसे हादसे
प्रवासी अपनी जान जोखिम में डालकर यूरोपीय भूमि या समुद्र के रास्ते पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, और अटलांटिक क्षेत्र में मौतें असामान्य नहीं हैं। यह समुद्र अफ्रीका के पश्चिमी तट और स्पेन के कैनरी द्वीप समूह को विभाजित करता है। संयुक्त राष्ट्र प्रवासन अंतर्राष्ट्रीय संगठन के अनुसार, 2021 की पहली छमाही में कैनरी द्वीप के रास्ते में कम से कम 250 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

यूनान में भी नाव डूबी थी
पिछले हफ्ते ग्रीस से भी नाव के डूबने की खबर सामने आई थी। यहां 17 लोगों को लेकर जा रही नाव समुद्र में डूब गई। हालांकि बाद में इन सभी लोगों को जिंदा बचा लिया गया। यह नाव करीब 98 फीट लंबी थी। बचाव अभियान में दो हेलीकॉप्टर, तीन तटरक्षक बल की गश्ती नौकाएं, एक निजी और पास में स्थित दो नौकाओं को तैनात किया गया है। जांच के बाद पता चला कि ये सभी लोग ग्रीस के रहने वाले हैं और इनका स्वास्थ्य भी बिल्कुल ठीक है।

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो 
यहां क्लिक करें

विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।