भाजपा की इंदौरी युवा ब्रिगेड: छा गए 'आकाश', बढ़ाया इंदौर का 'गौरव', उम्मीदों के ढेर पर 'पुष्यमित्र'
इंदौर, विशाल पाठक युवा चेहरों पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के रणनीतिकार और वरिष्ठ नेताओं का फोकस रहा है जिसकी झलक अब ऊपर से नीचे की ओर तक दिखाई देती है। इसको देख कहा जा सकता है कि वरिष्ठों के अनुभवों का लाभ लेने के साथ-साथ अब भाजपा में युवा चेहरों को भी प्रमुखता दी जा रही है ताकि नए चेहरों को अनुभवियों का लाभ मिले और दूसरी लाइन तैयार हो। देश की सभी पार्टियों पर नजर दौड़ाई जाए तो यह बात सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही नजर आती है। तभी तो इसे पार्टी विद दि डिफरेंस कहा जाता है और यह सिर्फ कहती नहीं है बल्कि करती भी है। 
इंदौर की ही बात करें तो भारतीय जनता पार्टी ने युवा चेहरे को टिकट देने या पद देने में जरा भी संकोच नहीं किया है जिससे विरोधी भी हैरान हैं। हाल ही में इंदौर नगर निगम चुनाव सम्पन्न हुए जिसका नतीजा आने में चंद दिन बाकी है। नतीजे क्या होंगे ये सभी को पता है। भारतीय जनता पार्टी धमाकेदार तरीके से बहुमत हासिल करेगी और महापौर भी भाजपा का ही होगा। कांग्रेस ने लगभग डेढ़ साल से अपना प्रत्याशी तय कर दिया था और वे काम पर भी लग गए थे। जब महापौर के प्रत्याशी की घोषणा की बारी आई तो लगा कि किसी अनुभवी को यह कमान सौंपी जाएगी, लेकिन पुष्यमित्र भार्गव नामक युवा चेहरे को पेश कर भाजपा ने फिर दिखा दिया कि क्यों इस पार्टी की राह अन्य पार्टियों की राह से अलग है। क्यों यह राजनीतिक दल अपनी लकीर अलग खींचता है। क्यों भाजपा युवा चेहरे को मौका देने में कभी हिचकती नहीं है। 
पुष्यमित्र भार्गव का नाम घोषित होते ही एक सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह हुआ। एक ताजगी सी महसूस हुई। ऐसा लगा कि गर्मी से तपते लोगों पर फुहार आई और सभी के चेहरे प्रसन्नता से खिल उठे। पुष्यमित्र भार्गव के चेहरे की सौम्यता उनके व्यक्तित्व के बारे में काफी कुछ कहती है। वे पढ़े लिखे हैं। कई डिग्रीयां उनके पास हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, इंदौर खण्डपीठ में वर्ष 2015-2018 तक सबसे युवा उप-महाधिवक्ता के पद पर दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वाहन किया। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, इंदौर खण्डपीठ में सबसे युवा अतिरिक्त महाधिवक्ता के पद पर कार्यरत थे। राजनैतिक उपलब्धियां भी उनके खाते में दर्ज है। बाल्यवस्था से ही राष्ट्रसेवा और राष्ट्रप्रेम की विचारधारा से वे जुड़े। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री के रूप में युवाओं में राष्ट्रवाद की विचारधारा को जगाया। ABVP के इंदौर संयोजक और मध्यभारत प्रान्त SFD प्रमुख के रूप में इंदौर विश्वविद्यालय में ABVP की नींव मजबूत करने हेतु शैक्षणिक संस्थाओं में छात्र-छात्राओं को ABVP से जोड़ने की कठिन चुनौती को पूर्ण किया।
 भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री अनुराग ठाकुर के साथ "राष्ट्रीय एकता यात्रा" में वाहिनी संयोजक के रूप में लाखों युवाओं का सफल नेतृत्व किया। सामाजिक उपलब्धियों की फेहरिस्त भी लंबी है। 
पुष्यमित्र को टिकट देकर भाजपा ने साबित किया कि यहां पर प्रतिभा, परिश्रमी, दूरदृष्टि रखने वाले की कद्र होती है। पुष्यमित्र को इतनी कम उम्र में महापौर प्रत्याशी बना कर भाजपा ने दर्शा दिया कि उसकी सोच दूर तक जाती है। नि:संदेह पुष्यमित्र भार्गव भारी मतों से न केवल विजयी होंगे, बल्कि उनकी दूरदृष्टि के कारण इंदौर और भी विकास करेगा। पिछले कई सालों से भाजपा के नेता इंदौर को एक ऊंचाई तक ले आए हैं और पुष्यमित्र इसे और आगे ले जाएंगे। 
बात केवल महापौर प्रत्याशी की ही नहीं है, वर्ष 2018 में इंदौर से युवा प्रत्याशी श्री आकाश विजयवर्गीय को इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 का टिकट देकर भाजपा ने अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। श्री आकाश विजयवर्गीय ने राजनीति का ककहरा घुट्टी में पिया है। अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए उन्होंने जल्दी ही अपनी पहचान बना ली और विधानसभा का टिकट उन्होंने अपने व्यक्तिगत कार्यों और उपलब्धियों के जरिये पाया। श्री आकाश विजयवर्गीय ने अपने पहले चुनाव में सफलता हासिल की। यह जीत ऐसे क्षेत्र से हासिल हुई जो कांग्रेस का गढ़ कहा जाता है। चुनाव मुश्किल था। सामना कई बार विधायक रह चुके शख्स से था, लेकिन आकाश की सौम्यता भारी पड़ी। लोगों को आकाश में भविष्य का बड़ा नेता दिखाई दिया और उन्होंने युवा नेता को प्राथमिकता देकर विजयी सेहरा पहनाया। जीत हासिल करने के बाद श्री आकाश विजयवर्गीय रूके नहीं। बल्कि उन्होंने अपने क्षेत्र में काम करना शुरू किए। वे तेजी से काम करने के लिए जाते हैं। लगातार अपनी विधानसभा में घूमते रहते हैं। एक आम आदमी से भी उसके हालचाल पूछते हैं। अपने कुशल नेतृत्व और कार्य करने की कटिबद्धता के कारण श्री आकाश विजयवर्गीय तुरंत लोकप्रिय हो गए। उनका काम विधासनभा क्षेत्र क्रमांक 3 के हर वॉर्ड में नजर आता है। युवाओं की टीम उन्होंने खड़ी की। वरिष्ठों के अनुभवों का लाभ लिया और इंदौर 3 के विकास में कोई कसर अब तक बाकी नहीं रखी है। 
श्री आकाश विजयवर्गीय और श्री पुष्यमित्र भार्गव की तरह इंदौर के एक और युवा नेता ने पिछले कुछ वर्षों में अपनी छाप छोड़ी है। नाम है श्री गौरव रणदिवे। गौरव को संगठन का भार सौंपा गया। वे इंदौर नगर के भाजपा के अध्यक्ष बने। युवा सोच, कुछ कर दिखाने की चाह, भाजपा के संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लेकर वे मैदान में उतरे और कुछ ही महीनों में उन्होंने इंदौर में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बना दिया। एक बार फिर भाजपा के युवा ने दिखा दिया कि वह देश को आगे ले जाने के लिए दृढ़ संकल्प है। गौरव रणदिवे की दूरदर्शिता उनके मजबूत फैसलों में नजर आती है। वे इंदौर में भाजपा के संगठन को इतना मजबूत बना रहे हैं कि यह अभेद किला वर्षों तक अभेद रहे। 
भाजपा ने इन युवाओं पर विश्वास जताया। बड़े मौके दिए और ये युवा इस मौके और विश्वास पर सौ प्रतिशत खरे उतरे। ये अभी भी जुटे हुए हैं और उम्मीद की जानी चाहिए कि इसी तरह के युवा आने वाले दिनों में उभर कर भाजपा को मजबूत बनाएंगे जिससे देश मजबूत होगा।

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो 
यहां क्लिक करें


विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं