आज से कम हो जाएगी ठंड, लेकिन बारिश करेगी परेशान, IMD का अलर्ट
इंदौर। कड़ाके की ठंड झेल रहे उत्तर भारत में पारा कम हो सकता है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में शीतलहर की स्थिति में कमी आने का अनुमान जताया है। दिल्ली और उसके आसपास तापमान 2-3 डिग्री रहने का अनुमान है। और उसके बाद बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ 20 जनवरी की रात हिमालय क्षेत्र में पहुंचेगा, जो 25 जनवरी तक जारी रहेगा। इसके चलते 21 जनवरी से पहाड़ों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के कारण 23 से 25 जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है।
 
इन राज्यों में हो सकता है बारिश
22 जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश होगी, जबकि 23 जनवरी को हल्की बारिश का अनुमान है। 24 और 25 जनवरी को भी बारिश होने की संभावना है। 22 जनवरी को दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में बारिश की संभावना है। 23 और 24 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 25 जनवरी को भी दूरदराज के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 23 जनवरी को जबकि अधिकांश हिस्सों में 24 जनवरी को बारिश होगी। 24-25 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है।

तापमान में वृद्धि
मौसम विभाग के अनुसार 19-20 जनवरी को तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी और उसके बाद अगले 3 दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं होगा। गुरुवार, 19 जनवरी को राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में शीत लहर से गंभीर शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। इस बीच, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तरी मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में ठंड की स्थिति रहने की संभावना है और इसके बाद यह कम हो जाएगी।

कड़ाके की ठंड रहेगी जारी
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कड़ाके की ठंड जारी है। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 1 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के सीकर स्थिति चुरू में न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो यहां क्लिक करें


विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं