टोक्यो ओलंपिक में कोरोना संक्रमण के मामले अब 100 के पार, 19 नए मामले

नई दिल्ली
 टोक्यो ओलंपिक में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 100 से अधिक हो गए। आयोजकों ने शुक्रवार को 19 नए मामले सामने आने की घोषणा की। चेक गणराज्य के चौथे खिलाड़ी रोड साइकलिस्ट मिशेल श्लेगल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
टोक्यो ओलंपिक के आयोजकों ने दैनिक कोरोना अपडेट में कहा कि तीन खिलाड़ी, दस खेल कर्मी, तीन पत्रकार और तीन ठेकेदार पॉजिटिव पाए गए हैं।
खेल से जुड़े कोरोना के मामले बढ़कर 106 हो गए हैं, जिनमें 11 खिलाड़ी हैं। चेक गणराज्य की टीम का छठा मामला सामने आया है।
देश की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने कहा, 'चेक गणराज्य दल का छठा सदस्य और चौथा खिलाड़ी सकारात्मक पाया गया है। रोड साइकलिस्ट मिशेल श्लेगल संक्रमित पाए गए हैं।
उन्हें शनिवार को रोड रेस में हिस्सा लेना था, जो अब वह नहीं ले पाएंगे। इससे पहले दो बीच वॉलीबॉल खिलाड़ी और चेक गणराज्य के एक टेबल टेनिस खिलाड़ी भी पॉजिटिव आए थे। चेक टीम के डॉक्टर व्लास्टिमिल वोरासेक भी गुरुवार को पॉजिटिव पाए गए। इससे पहले एक वॉलीबॉल कोच भी संक्रमित हुआ था।
अन्य देशों में चिली का एक ताइक्वांडो खिलाड़ी, नीदरलैंड का एक स्केटबोर्ड खिलाड़ी और एक ताइक्वांडो खिलाड़ी भी पॉजिटिव पाया गया। दक्षिण अफ्रीका के दो फुटबॉल खिलाड़ी और अमेरिका के बीच वॉलीबॉल खिलाड़ी पॉजिटिव निकले।

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो यहां क्लिक करें


विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।