भाजपा नेता नरेंद्र सलूजा का दिल का दौरा पड़ने से निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर
इंदौर, विश्वगुरु।
 भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रवक्ता श्री नरेंद्र सलूजा का मंगलवार, 30 अप्रैल को हृदयगति रुक जाने से आकस्मिक निधन हो गया। वे खंडवा रोड स्थित रानी बाग कॉलोनी में निवासरत थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
भारतीय जनता पार्टी के नगर मंत्री श्री मनदीप सिंह बाजवा के अनुसार, श्री सलूजा हाल ही में सीहोर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे थे। बुधवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने इसे सामान्य एसिडिटी समझते हुए दवा ली। दोपहर लगभग तीन बजे इंदौर पहुंचते ही वे बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल खंडवा रोड स्थित कौवल्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें मृदुभाषी, सरल स्वभाव और संगठन के प्रति समर्पित नेता बताया। साथ ही उनके असामयिक निधन को अपूरणीय क्षति बताया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस नेता जीतू पटवारी सहित अनेक नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री सलूजा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के मीडिया समन्वयक भी रहे। बाद में उन्होंने 25 नवंबर 2022 को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर प्रदेश प्रवक्ता की भूमिका निभाई। उन्होंने अपने अंतिम ट्वीट में अक्षय तृतीया की शुभकामनाएं दी थीं, जिसके कुछ घंटे बाद यह दुखद समाचार सामने आया।
नरेंद्र सलूजा के निधन से न केवल भाजपा, बल्कि समूचे मध्यप्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य को गहरी क्षति पहुंची है। उनका सौम्य व्यक्तित्व और सार्वजनिक जीवन में संतुलित व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा।

राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती, क्षेत्र के विधायक श्री मधु वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा, पूर्व नगर अध्यक्ष श्री गौरव रणदिवे, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व नगर अध्यक्ष श्री मनस्वी पाटीदार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्री नरेंद्र सलूजा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन को पार्टी एवं समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।
सभी ने उनके सरल स्वभाव, अनुशासित जीवन और संगठन के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया।

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो यहां क्लिक करें


विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं