हर डेढ़ मिनट में मर रहा कोरोना का एक मरीज, देश के हालात अभी भी भयावह

विश्वगुरु, इंदौर। देश में अभी भी कोरोना के हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में रोजाना करीब डेढ़ मिनट में कोरोना से संक्रमित एक मरीज की मौत हो रही है। वहीं डेल्टा प्लस के अलावा दुनिया में फैले बदले स्वरूप ने भी खतरे की चिंता को बढ़ा दिया है। कहने को तो देश के अलग-अलग राज्यों ने अपने हिसाब से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की बढ़ती भीड़ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और गृह मंत्रालय की लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 894 लोगों की मौत हुई है। यानी हर डेढ़ मिनट में एक मरीज की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय में दर्ज आंकड़े बताते हैं कि संक्रमितों की मौत का यह आंकड़ा न सिर्फ चिंता पैदा करता है बल्कि चेतावनी भी देता है कि संक्रमण की रफ्तार भले ही धीमी हुई हो लेकिन खतरा टला नहीं है। 

विश्व स्वास्थ्य संगठन की चिंता
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत में संक्रमित मरीजों की मौत पर चिंता व्यक्त की है। इसके अलावा करीब दो महीने तक तबाही मचाने के बाद कम हुए मामलों का एक जगह रुकना भी चिंताजनक बताया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक देश के सिर्फ दो राज्य कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं- महाराष्ट्र और केरल। कोविड मामलों पर नजर रखने वाले वैज्ञानिकों का कहना है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक दोनों प्रभावित राज्यों के जिलों की सघन निगरानी की जा रही है। संक्रमण का प्रसार इन दोनों राज्यों के बाहर नहीं होना चाहिए और इन राज्यों में भी संक्रमण को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो यहां क्लिक करें


विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।