बादल फटा, भारी बारिश में अब तक 24 लोगों की मौत
मुंबई मुंबई में लगातार बारिश हो रही है भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। 20 से ज्यादा लोगों की मौत भी हो चुकी है। इस बीच, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कहा कि शनिवार रात 11 बजे से रविवार सुबह 4 बजे तक मुंबई के विभिन्न हिस्सों में 200 मिमी से अधिक बारिश हुई। वहीं पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने ट्वीट कर बताया कि मुंबई में भी बादल फटने की घटना सामने आई है भारी बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं।
आदित्य ठाकरे ने ट्वीट कर बताया कि शनिवार-रविवार की रात मुंबई में भारी बारिश हुई। कुछ इलाकों में महज 3 घंटे में 200 एमएम से ज्यादा पानी गिर गया। यह सब बादल फटने के कारण हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि भारी बारिश के कारण भूस्खलन और घर ढहने की घटनाओं में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि राहत कार्य जारी है और जरूरतमंदों की हर संभव मदद की जा रही है।   
कई इलाकों में 200 एमएम से ज्यादा बारिश
वहीं, बीएमसी ने बताया कि इन 5 घंटों के दौरान शनिवार रात 11 बजे से रविवार सुबह 4 बजे तक शहर के कई इलाकों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के मुताबिक दहिसर फायर स्टेशन पर सबसे ज्यादा 226.82 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
इसके अलावा चेंबूर 218.42 मिमी, विक्रोली पश्चिम क्षेत्र 211.08 मिमी, कांदिवली 206.49 मिमी, मरोल 205.99 मिमी, बोरीवली 202.69 मिमी, नगर निगम मुख्यालय 201.93 मिमी और वर्ली जी दक्षिण क्षेत्र में 200.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
साढ़े पांच घंटे के लिए मुंबई एयरपोर्ट बंद
भारी बारिश के कारण, मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर उड़ान संचालन रविवार रात 12.42 बजे से सुबह 5:24 बजे तक स्थगित कर दिया गया। इस दौरान कुल 9 उड़ानें डायवर्ट की गईं।

आप विश्वगुरु का ताजा अंक नहीं पढ़ पाए हैं तो यहां क्लिक करें


विश्वगुरु टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।