श्रावण मास का पुण्य आरंभ: भोलेनाथ के जयकारों से गुंजायमान हुआ तेजाजी नगर का शिवधाम
इंदौर, विश्वगुरु। सावन का पावन मास श्रद्धा, आस्था और भक्ति का संगम एक बार फिर से भक्तों के जीवन में हर-हर महादेव की गूंज के साथ आरंभ हो गया। श्रावण मास के पहले दिन खंडवा रोड, तेजाजी नगर स्थित पेट्रोल पंप के समीप भगवान शिव के प्राचीन मंदिर में विशेष अभिषेक एवं पूजा-अर्चना का दिव्य आयोजन किया गया। भोलेनाथ के दरबार में श्रद्धालुओं का तांता सुबह से ही लग गया और पूरा वातावरण “बोल बम”, “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
सुबह 5 बजे जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, वैसे ही शिवभक्तों की आस्था की लहर मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। श्रद्धालु जल, दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल के साथ भगवान शिव का पंचामृत अभिषेक करने हेतु उमड़े। मंदिर के पुरोहित पंडित श्रीराम विशाल दीक्षित के सान्निध्य में वेद-मंत्रों के साथ विधिवत अभिषेक का क्रम आरंभ हुआ, जो घंटों तक चलता रहा। उन्होंने बताया कि श्रावण मास के सभी दिनों में प्रातःकालीन बेला में भोर से ही अभिषेक, रुद्राभिषेक, रुद्राष्टाध्यायी पाठ एवं शिव चालीसा का नियमित आयोजन होगा।
पंडित श्रीराम विशाल दीक्षित ने यह भी बताया कि "श्रावण मास देवों के देव महादेव की कृपा प्राप्ति का सर्वोत्तम अवसर है। जो भी भक्त पूरे नियम और भक्ति भाव से इस मास में जलाभिषेक करता है, उसकी समस्त मनोकामनाएं शिव कृपा से पूर्ण होती हैं।"
उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि जो श्रद्धालु मंदिर में अभिषेक करना चाहते हैं, वे एक दिन पूर्व अपना नाम दर्ज करा दें ताकि उन्हें नियत समय पर पूजा का अवसर प्रदान किया जा सके। भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन ने अलग-अलग समय स्लॉट निर्धारित किए हैं।
सावन मास का यह पहला दिन न केवल श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व बना, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि जब आस्था प्रबल हो, तो भोलेनाथ का आशीर्वाद निश्चित रूप से प्राप्त होता है। तेजाजी नगर का यह शिवधाम सावन भर इसी प्रकार भक्तिमय आयोजनों का केंद्र बना रहेगा।